July 25, 2026

CG Morning News: सीएम साय राजधानी में कार्यक्रमों में होंगे शामिल, बजट सत्र का पांचवां दिन आज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से व्यस्त दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री से लेकर विधानसभा सत्र, भर्ती परीक्षाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम—दिनभर कई अहम गतिविधियां प्रस्तावित हैं।


सीएम विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसके बाद दोपहर 1:10 बजे से शाम 5:30 बजे तक वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।

विधानसभा बजट सत्र का पांचवां दिन

रायपुर में विधानसभा बजट सत्र का आज पांचवां दिन है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी।

मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और राजेश अग्रवाल अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे।

सदन में राज्य विद्युत नियामक आयोग, मनरेगा और गौसेवा आयोग की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग 149B बायपास जमीन मुआवजा मामला गूंजेगा। रामचंद्रपुर के पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र से वंचित किए जाने का मुद्दा भी उठेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 दिसंबर 2025 के प्रश्नोत्तरी के उत्तर पर विशेष वक्तव्य देंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय पर सामान्य चर्चा जारी रहेगी।

भिलाई सेक्टर-9 अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में उन्नत करने तथा आदिवासी छात्रावासों के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र से विशेष सहायता मांगने संबंधी अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे।

आत्मसमर्पित नक्सलियों का विधानसभा भ्रमण

आज सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली विधानसभा का भ्रमण करेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा उन्हें विधानसभा लेकर जाएंगे।

सुबह लगभग 10:30 बजे सभी विधानसभा पहुंचेंगे, जहां उन्हें सदन की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने उनके साथ रात्रिभोज कर नई पुनर्वास नीति की जानकारी दी थी।

प्लेसमेंट कैंप आज

मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए 27 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष रोजगार कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, सिविल लाइन रायपुर में प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा।

वेयरहाउस हेल्पर के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 13,777 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। कार्यक्षेत्र फ्लिपकार्ट एफसीएमएच तेन्दुआ रायपुर रहेगा।

डीटीपी ऑपरेटर और ग्राफिक्स डिजाइनर परीक्षा 1 मार्च को

मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग के समूह-3 पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं 1 मार्च को परीक्षा आयोजित करेगा। प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना होगा और मूल फोटो आईडी लाना अनिवार्य है। ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना जरूरी है। गहरे रंग के कपड़े और कान में आभूषण वर्जित हैं।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

श्रीराम कथा का आयोजन

सिंधु पैलेस, शंकरनगर में 27 फरवरी से श्रीराम कथा की शुरुआत हो रही है। कथा वाचन मंदाकिनी दीदी करेंगी। कार्यक्रम 1 मार्च तक चलेगा। प्रतिदिन शाम 5:30 से 6:30 बजे तक भक्ति सत्संग और 6:30 से 8:30 बजे तक श्रीराम कथा होगी।

रंगोत्सव ‘बरसाने की होली’

महिला संगठन सुहिणी सोच की ओर से होटल किंग्सवे में शाम 4 से 7 बजे तक रंगोत्सव ‘बरसाने की होली’ आयोजित होगा।

पं. श्यामाचरण शुक्ल जयंती

श्यामाचरण शुक्ल की जयंती पर शंकर नगर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर सुबह 10:30 बजे श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।

‘नव उमंग’ रजत उत्सव

छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा माहेश्वरी भवन, डुंडा में सुबह 10 बजे से रजत उत्सव ‘नव उमंग’ का आयोजन किया जाएगा।

राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक हलचल के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भरमार रहेगी।