रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे के लिए रवाना होंगे। इससे पहले वे सुबह 10:15 बजे वीरांगना रानी दुर्गावती के माल्यार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे और दोपहर 1:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचकर 2:30 बजे की फ्लाइट से दिल्ली रवाना होंगे।
इधर, भाजपा प्रदेश संगठन की अहम बैठक आज रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष किरण देव सहित करीब तीन दर्जन वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आगामी कार्ययोजना, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक डिजिटल प्रशिक्षण अभियान पर विस्तार से चर्चा होगी। इसी कड़ी में जिलाध्यक्षों की अलग बैठक भी आज आयोजित की गई है, जिसमें आईटी सेल द्वारा डिजिटल प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा सके।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज कोरिया जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1:30 बजे बैकुंठपुर स्थित महलपारा पहुंचकर भाजपा नेता भरत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे सोनहत के खड़वत और शाम 6 बजे अमरकंटक स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शिक्षा क्षेत्र में भी आज अहम अपडेट है। शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर में बीएससी गणित, बीएससी बायोलॉजी और बीसीए प्रथम सेमेस्टर की पहली मेरिट सूची आज जारी की जाएगी।
वहीं प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में आज ग्राम सभाओं का आयोजन होगा। इन बैठकों में “आवास प्लस 2.0” की स्थायी प्रतीक्षा सूची का वाचन, पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता तय करना, आपत्तियों का निराकरण और विकास कार्यों की समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
राजधानी रायपुर में भी कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। दावड़ा कॉलोनी में भी यज्ञ और महाप्रसाद का आयोजन होगा। वहीं प्रोफेसर कॉलोनी स्थित अघोर मठ में अघोर महोत्सव और श्रीयज्ञ अनुष्ठान प्रातः 4 बजे से देर रात तक चलेगा।





