July 25, 2026

चलती ट्रेन पकड़ना पड़ा भारी: दुर्ग रेलवे स्टेशन पर इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) का पैर फिसलने से वे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा रोज की तरह रायपुर जाने के लिए 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उस समय दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची और कुछ देर रुकने के बाद रवाना होने लगी।

बताया जा रहा है कि संदीप ने लोकल ट्रेन छोड़कर चलती सुपरफास्ट एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसल गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से उनकी पकड़ भी छूट गई और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े।

हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर गंभीर रूप से कट गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसी छोटी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।