March 4, 2026

CG Morning News: राजिम कुंभ समापन में शामिल होंगे सीएम साय, महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भीड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजिम कुंभ कल्प के समापन समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:05 बजे रायगढ़ जिले के बाबाधाम कोसमनारा में आयोजित महाशिवरात्रि पर्व स्थापना दिवस, शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 2:10 बजे रायगढ़ से रायपुर लौटेंगे और शाम 5:15 बजे रायपुर से राजिम के लिए रवाना होंगे। शाम 6 बजे वे राजिम कुंभ कल्प के समापन समारोह में शामिल होंगे।

शाही स्नान और शोभायात्रा के साथ होगा राजिम कुंभ का समापन

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम के तट पर शाही स्नान, विशाल शोभायात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले का समापन किया जाएगा। माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चले इस आयोजन में प्रदेशभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।

समापन समारोह में संतों, धर्माचार्यों, नागा साधुओं और विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वरों की उपस्थिति रहेगी। पर्व स्नान, दान-पुण्य, यज्ञ, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब

महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। श्रद्धालु चार प्रहर की पूजा, जलाभिषेक और विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं।

राजधानी रायपुर के बाबा हटकेश्वर नाथ मंदिर, त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर और भोरमदेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी है।
महाशिवरात्रि व्रत का पारण 16 फरवरी को सुबह 6:59 बजे से दोपहर 3:24 बजे तक किया जाएगा। इस वर्ष 10 विशेष शुभ योगों का संयोग बन रहा है।

जिले की चिट्ठी’ कार्यक्रम का प्रसारण आज

आकाशवाणी रायपुर से रविवार शाम 6:05 बजे “जिले की चिट्ठी” कार्यक्रम प्रसारित होगा। इस बार के अंक में बस्तर जिले की गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

उर्वरकों की कीमत बढ़ाने पर कांग्रेस का विरोध

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने एनपीके और पोटाश उर्वरकों की कीमत बढ़ाए जाने का विरोध किया है।
एनपीके की कीमत 1,720 रुपये से बढ़ाकर 1,900 रुपये प्रति बोरी और पोटाश 1,500 रुपये से बढ़ाकर 1,800 रुपये प्रति बोरी कर दी गई है। उन्होंने इसे किसान विरोधी निर्णय बताया।

मैनपाट महोत्सव का आज अंतिम दिन

आज मैनपाट महोत्सव का समापन होगा। प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव प्रस्तुति देंगे। स्कूली बच्चों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • विश्व कल्याण महायज्ञ – आर्य समाज मंदिर, छोटापारा (सुबह 9 से 10:30 बजे)
  • शब्दाक्षर सम्मान व कवि सम्मेलन – वृंदावन सभागार, सिविल लाइन (दोपहर 3 से रात 8 बजे)
  • एंटी-रेबीज टीकाकरण कैंप – इंडियन वेटरनरी हॉस्पिटल, सिविल लाइंस (दोपहर 12 से शाम 5 बजे)
  • आदिशक्ति वंदन सम्मान – वृंदावन हॉल, सिविल लाइन (शाम 4 से 7 बजे)
  • कानून जागरूकता सेमिनार – सिविल लाइन (सुबह 9:30 बजे से)