रायपुर, 26 फरवरी। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल जगत से जुड़ी कई अहम गतिविधियां होने जा रही हैं। राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, विधानसभा में बजट पर चर्चा शुरू होगी, वहीं खेल में छत्तीसगढ़ की टीम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना आज
छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज अधिसूचना जारी की जाएगी। 16 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च, संवीक्षा 6 मार्च और नाम वापसी 9 मार्च तक होगी।
वर्तमान राज्यसभा सदस्य के.टी.एस. तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का 1 विधायक है। मतदान गोपनीय मतपत्र से होगा।
बजट सत्र का चौथा दिन
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन आज वित्त वर्ष के बजट पर विस्तृत चर्चा शुरू होगी। प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत सवालों के जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री केदार कश्यप सदन में विभिन्न पत्र पटल पर रखेंगे।
सहयोग केंद्र में मंत्री सुनेंगे समस्याएं
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र लगाया जाएगा। मंत्री राजेश अग्रवाल आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे।
सफाई कर्मचारियों को मिलेगा श्रम योजनाओं का लाभ
उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने नगरीय निकायों के सफाई कर्मचारियों का श्रम विभाग में पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। पात्र कर्मचारियों को असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की योजनाओं का लाभ मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन ‘श्रमेव जयते’ पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा।
सीके नायडू ट्रॉफी के सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़
सीके नायडू ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में पहली पारी की बढ़त के आधार पर छत्तीसगढ़ सेमीफाइनल में पहुंच गया है। मुकाबला तमिलनाडु क्रिकेट टीम से 1 मार्च से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
क्वार्टर फाइनल में मयंक वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। स्पिनर वरुण सिंग भुई ने 6 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
अन्य प्रमुख घटनाएं
- ट्रैफिक जवान का कथित रूप से नशे में वाहन चलाने का वीडियो वायरल होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा।
- जंगल सफारी में प्रशासनिक निर्णयों और लंबित वेतन को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश, अरण्य भवन स्थित वन मुख्यालय के घेराव की चेतावनी।





