छत्तीसगढ़ में आज (10 फरवरी) का दिन कई बड़े कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सामूहिक विवाह कार्यक्रम, अरपा महोत्सव और विभिन्न अभियानों की शुरुआत करेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर 12 बजे रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे पेंड्रा में अरपा महोत्सव 2026 में शिरकत करेंगे। शाम 5 बजे नेवसा एकलव्य आवासीय विद्यालय जाएंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस गौरेला में करेंगे।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज राज्य स्तरीय विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सुबह 11 बजे कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री साय 1,316 जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। योजना के तहत विवाहित जोड़ों के खातों में 35 हजार रुपये भेजे जाएंगे। प्रदेशभर में 6,412 से अधिक जोड़े विभिन्न परंपराओं से विवाह करेंगे। बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिले ऑनलाइन जुड़ेंगे।
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आज से छत्तीसगढ़ में सामूहिक दवा सेवन अभियान शुरू होगा। इसके तहत 18 जिलों के 65 विकासखंडों में बूथ और घर-घर जाकर फाइलेरियारोधी दवाएं दी जाएंगी।
आज कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का भी शुभारंभ होगा। पहले चरण में 6 माह से 52 माह तक के करीब 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा। अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से होगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा शामिल हैं।
रायपुर साहित्य महोत्सव का प्रसारण आज से दूरदर्शन पर शुरू होगा। ‘साहित्य पर्व’ शीर्षक से यह कार्यक्रम 10, 12, 15, 17, 19 और 22 फरवरी को दोपहर 3:30 बजे दिखाया जाएगा।
धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी आज मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। नलघर चौक से प्रदर्शन शुरू होगा और कालीमाता मंदिर होते हुए सीएम हाउस तक मार्च निकाला जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
दिल्ली के इंदिरा भवन में आज कांग्रेस जिलाध्यक्षों का विशेष प्रशिक्षण शिविर होगा। इसमें छत्तीसगढ़ समेत 9 राज्यों के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। प्रशिक्षण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में होगा।
रायपुर में आज संत गजानन प्रगट महोत्सव, शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा, परिचय सम्मेलन और पूर्व छात्रों का मिलन समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।





