July 23, 2026

CG Morning News: विधानसभा में सीएम साय, सहायक शिक्षकों का घेराव, कांग्रेस की न्याय पदयात्रा आज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही में शामिल होंगे। वहीं अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर सहायक शिक्षक विधानसभा का घेराव करेंगे। दूसरी ओर नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस न्याय पदयात्रा निकालकर लोकभवन तक मार्च करेगी। इसके अलावा शहर में कई धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

विधानसभा में दिनभर रहेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 10:55 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचेंगे। वह सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही में भाग लेंगे। इसके बाद विधानसभा परिसर में आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

सहायक शिक्षक करेंगे विधानसभा घेराव

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन आज अपनी टीईटी सहित लंबित सात सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करेगा। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में सहायक शिक्षक इस आंदोलन में शामिल होंगे। फेडरेशन का कहना है कि शिक्षा सचिव से चर्चा के बावजूद मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, जिसके बाद आंदोलन का निर्णय लिया गया।

फेडरेशन की प्रमुख मांगों में एकल शिक्षकीय स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, युक्तियुक्तकरण के दौरान मर्ज स्कूलों के साथ न्याय तथा दोनों संस्थाओं से सचिव एवं कोषाध्यक्ष का चयन कर वित्तीय भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है।

नकटी से लोकभवन तक कांग्रेस की न्याय पदयात्रा

राजधानी के ग्राम नकटी में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस आज न्याय पदयात्रा निकालेगी। यह पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर लोकभवन तक पहुंचेगी। इसमें पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

करीब 13 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, राम मंदिर, करेंसी टावर और तेलीबांधा गौरव पथ से होते हुए लोकभवन पहुंचेगी। कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, गांव में ही दोबारा बसाने और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • माता हंसी देवी जयंती महोत्सव – शादानी दरबार तीर्थ, शदाणी नगर (सुबह 8:30 बजे से देर रात तक)
  • श्मशान घाट बचाने बैठक – कृष्ण मित्र फाउंडेशन, सरजूबांधा श्मशान घाट, टिकरापारा (सुबह 9 बजे)
  • निर्धन छात्राओं के लिए निःशुल्क कोचिंग – शिवानी स्मृति सेवा संस्थान, वीर छत्रपति शिवाजी स्कूल, पुरानी बस्ती (दोपहर 3 से शाम 5 बजे)
  • एआई जागरूकता कार्यक्रम – विवेकानंद इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस, विवेकानंद विद्यापीठ, कोटा (सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे)