May 15, 2026

CG Morning News: महिला आरक्षण पर सियासत तेज, भाजपा का प्रदर्शन आज, बघेल का केंद्र पर हमला

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदेशभर में बड़े प्रदर्शन की तैयारी की है। आज प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वहीं सोमवार को रायपुर में महिला जनआक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी, जो इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक जाएगी। इसके अलावा 20–21 अप्रैल को प्रदेशभर में महिला पदयात्राएं और 23–24 अप्रैल को जनआक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

इधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनगणना ही नहीं हुई, तो परिसीमन कैसे कराया जा सकता है। बघेल ने आरोप लगाया कि यह कदम देशहित में नहीं, बल्कि भाजपा के फायदे के लिए उठाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता का ध्यान भटकाने वाला मुद्दा बताया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह आज एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे सुबह स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

इधर, पुलिस कमिश्नरेट की पहल के तहत आज सुबह 11 बजे डीसीपी नार्थ मयंक गुर्जर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाइव रहेंगे। वे उत्तर कमिश्नरेट क्षेत्र की पुलिसिंग की जानकारी देंगे और आम लोगों के सवालों के जवाब भी देंगे। लोग कमेंट के जरिए सुझाव और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम:
राजधानी में आज धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की भी भरमार रहेगी। शाम 4 बजे डंगनिया स्थित परशुराम मंदिर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। वहीं चौबे कॉलोनी में शाम 7 बजे शिवाजी की महाआरती होगी। इसके अलावा गुरुकुल महिला महाविद्यालय में सुबह 10 बजे कार्यशाला का समापन कार्यक्रम आयोजित होगा। कोटा और पंडरी के शिव मंदिरों में भी सुबह 9 बजे से परशुराम जन्मोत्सव के कार्यक्रम होंगे।