रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पेंड्रा से रायपुर लौटकर कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं भाजपा समर्पण दिवस मनाएगी, सहयोग केंद्र में समस्याएं सुनी जाएंगी और टाटीबंध में महतारी सदन का लोकार्पण होगा।
आज कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 9.45 बजे पेंड्रा से रायपुर लौटेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक लेंगे। बैठक में प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही राज्य बजट को लेकर भी मंथन संभव है। मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्रालय में विभागीय कार्य करेंगे और शाम 5.25 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
भाजपा कार्यालय में सहयोग केंद्र
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज भी सहयोग केंद्र जारी रहेगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा यहां कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी मौजूद रहेंगे। सहयोग केंद्र के माध्यम से त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
बीजेपी मनाएगी समर्पण दिवस
भारतीय जनता पार्टी आज पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर समर्पण दिवस मनाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश मुख्यालय में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
टाटीबंध में महतारी सदन का लोकार्पण
नगर निगम जोन-8 के अंतर्गत शहीद भगत सिंह वार्ड टाटीबंध में बने महतारी सदन का लोकार्पण आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा। विधायक राजेश मूणत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
85 लाख रुपए की लागत से बने इस सदन के लोकार्पण की अध्यक्षता महापौर मीनल चौबे करेंगी। विशिष्ट अतिथि निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ होंगे। साथ ही नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, दीपक जायसवाल, सरिता आकाश दुबे और पार्षद गायत्री चंद्राकर भी मौजूद रहेंगी।
PCC चीफ दीपक बैज का भाजपा पर हमला
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दो साल में ही अलोकप्रिय हो गई है। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा के सांसद और विधायक खुद सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन इस्तीफा नहीं दे रहे।
उन्होंने राजिम कुंभ, जंबूरी आयोजन, शिक्षक भर्ती, यातायात अव्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा और भाजपा नेताओं की नाराजगी को राजनीतिक नौटंकी बताया।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
प्राण प्रतिष्ठा
- स्थान: पुरानी बस्ती स्थित श्रीराम जानकी गोपीदास मंदिर
- समय: सुबह 8.30 बजे से
- आयोजन: शिव परिवार स्थापना व हवन-पूजन
योग क्लास
- संस्था: सत्यदर्शन योगाश्रम
- स्थान: सिविल लाइन योगाश्रम भवन
- समय: शाम 5 से 6 बजे तक





