बलौदाबाजार। जिले के लवन बायपास रोड स्थित मनीषा ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रांसपोर्ट कंपनी में रखे टायर-ट्यूब, ट्रक पार्ट्स और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे ट्रांसपोर्ट कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नगर सेना बल बलौदाबाजार और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दो फायर टेंडर की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग इतनी भयावह थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को करीब 4 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।





