रायपुर। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज के यूजी-पीजी छात्रों ने आज कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर चर्चा के लिए एडीएम, एसडीएम और तहसीलदार पहुंचे, लेकिन अधिकारियों की समझाइश के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
गेट पर ताला लगने से मरीजों और स्टाफ को भारी परेशानी हो रही है। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पुलिस बल बुला लिया है। यदि बातचीत विफल रहती है तो प्रशासन द्वारा जबरन ताला खुलवाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
📌 सात दिनों से जारी है हड़ताल
डेंटल कॉलेज के छात्र-छात्राएं बीते सात दिनों से हड़ताल पर हैं। उनकी प्रमुख मांगों में शामिल हैं—
- स्नातकोत्तर छात्रों एवं इंटर्न्स के स्टाइपेंड में समानता व वृद्धि,
- स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में दंत चिकित्सा पेशेवरों को समान मान्यता और सम्मान,
- छात्रों से जुड़ी मूलभूत कल्याण एवं अधोसंरचना समस्याओं का निराकरण।
छात्रों का कहना है कि लंबे समय से मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए मजबूरन आंदोलन तेज करना पड़ा।
🚑 मरीजों को हो रही परेशानी
हड़ताल और गेट बंद होने की वजह से इलाज के लिए आए मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है। कॉलेज में कार्यरत डॉक्टरों और स्टाफ को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश शुरू की है।
👮 प्रशासन और छात्रों में बातचीत जारी
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को मनाने का प्रयास जारी है। हालांकि, फिलहाल गतिरोध टूटता नजर नहीं आ रहा है। यदि बातचीत सफल नहीं होती तो प्रशासन द्वारा बल प्रयोग की आशंका भी बनी हुई है।





