March 5, 2026

खरीदी केंद्र में लिमिट पूरी, 284 किसानों का नहीं बिका धान, गेट पर जड़ा ताला | CG News

राजिम (गरियाबंद)। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अंतिम तारीख नजदीक आते ही गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड स्थित बोरसी धान खरीदी केंद्र में मंगलवार को हंगामा खड़ा हो गया। केंद्र में तय सीमा पूरी होने के बाद खरीदी बंद कर दी गई, जिससे 6 गांवों के 284 किसान धान नहीं बेच पाए। नाराज किसानों ने खरीदी केंद्र के गेट पर ताला जड़ दिया

मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार डिंपल ध्रुव मौके पर पहुंचीं। किसानों से बातचीत के बाद गेट का ताला खुलवाया गया और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

किसानों के आरोप

किसानों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्र में उनके साथ मनमानी की जा रही है।

  • खरीदी की निर्धारित लिमिट पूरी होने के बाद धान लेना बंद कर दिया गया
  • मंगलवार को एक भी किसान का धान नहीं खरीदा गया
  • अंतिम तारीख नजदीक होने से किसानों में चिंता और आक्रोश है

कलेक्टर को भेजी गई रिपोर्ट

तहसीलदार ने किसानों की शिकायतों पर पंचनामा तैयार कर मामले की रिपोर्ट कलेक्टर को भेज दी है। वहीं 10 से 12 किसानों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

खरीदी कार्य ठप, बहिष्कार की चेतावनी

फिलहाल बोरसी धान खरीदी केंद्र में खरीदी कार्य पूरी तरह ठप बताया जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बुधवार को भी खरीदी कार्य का बहिष्कार किया जाएगा।

किसानों की मांग

किसानों की मुख्य मांग है कि

  • धान खरीदी की निर्धारित सीमा बढ़ाई जाए
  • शेष किसानों का धान भी जल्द खरीदा जाए