July 31, 2026

CG News: खुले कुएं में गिरी मादा भालू, वन विभाग ने रैंप बनाकर किया सफल रेस्क्यू

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ वनमंडल में एक मादा भालू खुले कुएं में गिर गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कुएं को तोड़ते हुए रैंप तैयार किया। इसी रास्ते से भालू को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल की ओर रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना मनेंद्रगढ़ वनमंडल के बिहारपुर वन परिक्षेत्र की सोनहरी बीट की है। बताया जा रहा है कि मादा भालू भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर भटकते हुए खुले कुएं में फिसलकर गिर गई थी।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। भालू को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कुएं के एक हिस्से को तोड़कर मिट्टी का रैंप बनाया गया। कुछ देर बाद मादा भालू उसी रैंप के सहारे कुएं से बाहर निकली और सुरक्षित जंगल की ओर चली गई।

भालू के सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। वहीं, वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि खुले कुओं को सुरक्षित ढंकने या उनके चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में वन्यजीवों के साथ इस तरह की घटनाएं न हों।