सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घरेलू विवाद के बाद घर से निकले एक सेवानिवृत्त एसईसीएल (SECL) कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशव नगर निवासी 65 वर्षीय भारत यादव, जो एसईसीएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, का घर में कपड़ा सुखाने को लेकर परिजनों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वे नाराज होकर घर से निकल गए।
अगली सुबह गांव में उनका शव बरामद हुआ। शव के पास उल्टी के निशान मिलने से प्रारंभिक तौर पर जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहर सेवन का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
नोट: यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो उसकी बात गंभीरता से सुनें और परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तत्काल मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करें। समय पर मिली सहायता जीवन बचा सकती है।





