मुख्यमंत्री आज सरगुजा-बिलासपुर दौरे पर
रायपुर। विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे से लौटने के बाद सरगुजा और बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। वे लुण्ड्रा में किसान सम्मेलन में शामिल होंगे, अंबिकापुर में पं. रविशंकर त्रिपाठी एवं चन्द्रशेखर आज़ाद की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इसके बाद बिलासपुर में कार्यक्रमों में भाग लेंगे और रायपुर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निवास जाएंगे।
प्रदेश में आज से 8वां पोषण पखवाड़ा शुरू
रायपुर। कुपोषण के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए 9 से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। मिशन पोषण 2.0 के अंतर्गत चल रहे इस अभियान की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास” है। इसका उद्देश्य बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण और देखभाल पर जोर देना है।
प्राचार्यों की राज्य स्तरीय बैठक आज
रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में स्वामी आत्मानंद विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आज आयोजित होगी। बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम, NEET/JEE तैयारी, अंग्रेजी दक्षता और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
“छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग” का आयोजन
रायपुर। 9 और 10 अप्रैल को नवा रायपुर में कॉमन्स (साझा संसाधनों) के सुशासन पर दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें सोनमणि बोरा, विकास शील और रामविचार नेताम सहित कई विशेषज्ञ शामिल होंगे।
14 अप्रैल को सभी पंचायतों में ग्राम सभा
रायपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग और “सभासार” AI पोर्टल पर अपलोड अनिवार्य किया गया है।
15 अप्रैल को साय कैबिनेट बैठक
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 15 अप्रैल को कैबिनेट बैठक होगी। बैठक में बस्तर विकास, निवेश और रोजगार से जुड़े अहम फैसले लिए जा सकते हैं।





