अंबागढ़ चौकी : तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत, मंगेतर घायल
अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के ग्राम बिहरीकला में तेज रफ्तार वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सरोली थाना खडगांव निवासी किसान का पुत्र कामता प्रसाद उर्वशा अपनी मंगेतर भारती रावटे के साथ 1 फरवरी को राजनांदगांव टीईटी परीक्षा दिलाने गया था। शाम करीब 8:45 बजे बिहरीकला चौक के पास पीछे से आ रहे वाहन CG 06 HP 9555 ने लापरवाहीपूर्वक बाइक CG 08 AB 4587 को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजनांदगांव : शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का झांसा, 82 लाख की ठगी
शेयर मार्केट में निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 82.50 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गाजियाबाद (उत्तरप्रदेश) से गिरफ्तार किया है।
थाना बसंतपुर प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने बताया कि आरोपी धनीराम सिन्हा (40 वर्ष) निवासी गोकुलनगर राजनांदगांव ने 7 लोगों से धोखाधड़ी की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 एटीएम कार्ड, 1 पासबुक और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
आरोपी के विरुद्ध राजनांदगांव के अलावा डोंगरगढ़ और दुर्ग जिले में भी धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
छुरिया : फसल बीमा घोटाला, ग्रामीण कृषि अधिकारी सहित तीन गिरफ्तार
दूसरे की जमीन पर लगी केले की फसल को चना फसल बताकर करीब 24 लाख रुपए का फर्जी बीमा क्लेम करने के मामले में पुलिस ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ग्राम आमगांव स्थित लगभग 50 हेक्टेयर भूमि पर केले की फसल होने के बावजूद वर्ष 2024-25 में चना फसल दर्शाकर बीमा राशि का गबन किया गया। आरोपियों के विरुद्ध BNS की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले से कृषि विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
राजनांदगांव : मोतीपुर में प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, एसपी को सौंपा ज्ञापन
मोतीपुर वार्ड क्रमांक 2, 3 और 8 के निवासियों ने निजी मकान में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित प्रार्थना सभा को बंद कराने की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा है।
वार्डवासियों का आरोप है कि हर रविवार को 30 से 50 लोगों को एकत्र कर लालच और भय के माध्यम से मतांतरण किया जा रहा है। उन्होंने बाहरी लोगों की भीड़ से सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रार्थना सभा को तत्काल बंद कराने की मांग की है।
राजनांदगांव : होलिका दहन की तैयारी शुरू, 3 मार्च को होगा दहन
राजनांदगांव जिले में होलिका पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चौक-चौराहों पर होलिका दहन के लिए अंडी लगाने का कार्य प्रारंभ हो गया है।
पंचांग के अनुसार होलाष्टक 24 फरवरी से 3 मार्च तक रहेगा। पंडितों के अनुसार 3 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा। होलाष्टक के दौरान शुभ कार्य वर्जित रहेंगे।
राजनांदगांव : 10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होंगी। राजनांदगांव जिले में 88 परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं।
पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के लिए स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जा रही हैं। कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि परीक्षा परिणाम बेहतर हो सके।
डोंगरगढ़ : अछोली में 7–8 फरवरी को रामायण महोत्सव
विकासखंड डोंगरगढ़ के ग्राम अछोली में 7 और 8 फरवरी को दो दिवसीय भव्य रामायण महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यभर की 16 मानस मंडलियां रामकथा का रसपान कराएंगी।
डोंगरगढ़ : अछोली में 5 फरवरी को मंडई मेला
ग्राम अछोली के गौठान में 5 फरवरी को मंडई मेला आयोजित होगा। 6 फरवरी को जय छत्तीसगढ़ी महतारी नाच पार्टी का कार्यक्रम रखा गया है। आयोजन समिति ने ग्रामीणों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।





