रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल से मैनुअल सिस्टम से चालान जमा करने की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। अब जिला कोषालयों में केवल ऑनलाइन माध्यम से ही चालान स्वीकार किए जाएंगे।
प्रशिक्षण शिविर में दी गई जानकारी
नई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए रायपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिला कोषालय अधिकारी गजानन पटेल ने आहरण संवितरण अधिकारियों, स्टांप वेंडर और बैंक प्रतिनिधियों को ओटीसी (ओवर द काउंटर) ऑनलाइन चालान प्रक्रिया की जानकारी दी।
ऑनलाइन सिस्टम से बढ़ेगी पारदर्शिता
अधिकारियों ने बताया कि मैनुअल चालान में त्रुटियों की संभावना रहती थी, जबकि ऑनलाइन सिस्टम में सही मद का चयन आसान होगा। इससे बैंक और कोषालय के बीच पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रक्रिया अधिक सटीक होगी।
ई-कोष पोर्टल से होगा भुगतान
संचालनालय कोष एवं लेखा द्वारा लागू इस नई व्यवस्था के तहत चालान अब ई-कोष ऑनलाइन पोर्टल के ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से जमा किए जाएंगे। इसमें चालान का डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगा।





