May 14, 2026

छत्तीसगढ़ में ‘ऑपरेशन तलाश’ से बड़ी सफलता, 1 लाख से अधिक गुमशुदा मामलों में 87 हजार लोग बरामद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल के बाद छत्तीसगढ़ में गुमशुदा लोगों की तलाश अब एक संवेदनशील पुलिसिंग अभियान के रूप में तेजी से आगे बढ़ रही है। राज्य में वर्ष 2021 से अप्रैल 2026 तक कुल 1 लाख 3 हजार 766 गुम इंसानों की रिपोर्ट दर्ज हुई, जिनमें से 87 हजार 35 लोगों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” और “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत हजारों बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को खोजा गया है। इनमें 2 हजार 785 बालक, 16 हजार 472 बालिकाएं, 18 हजार 671 पुरुष और 49 हजार 107 महिलाएं शामिल हैं।

राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में 15 हजार 632 मामलों में से 12 हजार 456 लोगों को बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि अब तक के मामलों में किसी बड़े संगठित अपराध या मानव तस्करी के गंभीर नेटवर्क की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकांश लोग पारिवारिक कारणों, प्रेम संबंधों, रोजगार की तलाश या व्यक्तिगत कारणों से घर छोड़कर गए थे।

अप्रैल 2026 में विशेष “ऑपरेशन तलाश” अभियान के दौरान एक ही महीने में 4 हजार 56 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला गया। इसमें 545 बच्चे और 3511 महिलाएं व पुरुष शामिल रहे। इसके अलावा अंतर्राज्यीय समन्वय के जरिए महाराष्ट्र, यूपी, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से 182 लोगों को वापस लाया गया।

जिला स्तर पर दुर्ग, बिलासपुर, रायपुर, राजनांदगांव और रायगढ़ ने सबसे अधिक बरामदगी में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही “अभिव्यक्ति” अभियान के तहत पुलिस लगातार स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम भी चला रही है।

पुलिस का कहना है कि हर बरामद व्यक्ति किसी परिवार की उम्मीद और खुशी लौटाने जैसा है, इसलिए यह अभियान केवल प्रशासनिक कार्य नहीं बल्कि एक मानवीय जिम्मेदारी के रूप में चलाया जा रहा है।