May 18, 2026

अफीम की खेती के मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव, पुलिस से झूमाझटकी

बिलासपुर/महासमुंद। छत्तीसगढ़ में कथित अफीम की खेती को लेकर सियासत गरमा गई है। दुर्ग के बाद बलरामपुर में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel द्वारा पहले दुर्ग में अफीम की खेती वाले खेत का दौरा करने के बाद अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।

बिलासपुर में भाजपा कार्यालय का घेराव

Indian National Congress के कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी हुई। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अफीम की खेती बंद कराने की मांग कर रहे थे।

महासमुंद में भी हुआ प्रदर्शन

महासमुंद में भी Indian National Congress के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष और खल्लारी विधायक Dwarikadhish Yadav के नेतृत्व में किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से रैली निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बरोंडा चौक और शास्त्री चौक पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हो गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले में संचालित फार्म हाउसों की जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि प्रशासन जांच नहीं करता है तो जिला कांग्रेस कमेटी खुद ऐसे फार्म हाउसों की जांच करेगी।