May 15, 2026

CG Police Reel: वर्दी में रील बनाकर फिर वायरल हुआ आरक्षक, यूजर को दिया चुनौती भरा जवाब

बिलासपुर। वर्दी पहनकर सोशल मीडिया रील बनाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक आरक्षक पर कार्रवाई के बाद अब एक और पुलिस जवान का पत्नी के साथ वर्दी में बनाया गया इंस्टाग्राम रील वायरल हो रहा है, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

वायरल वीडियो में आरक्षक अपनी पत्नी के साथ रील बनाते नजर आ रहा है। इस पर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, “अब आपकी बारी है”, जिस पर आरक्षक ने जवाब देते हुए लिखा, “आई एम वेटिंग ब्रो”, जिसे पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में मस्तूरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह वर्दी पहनकर पत्नी के साथ “हाय रानी, हेलो रानी” गाने पर रील बनाते दिखा था। मामले के तूल पकड़ने पर उस आरक्षक को निलंबित कर दिया गया था।

इस कार्रवाई के बाद भी दूसरा मामला सामने आने से विभाग की सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं। संबंधित आरक्षक के एक-दो नहीं बल्कि आधा दर्जन से अधिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे हैं।

इधर, पहले मामले में कार्रवाई के बाद आरक्षक की पत्नी का रोते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ लोग कार्रवाई के समर्थन में इसे अनुशासन का हिस्सा बता रहे हैं, तो कुछ सहानुभूति जता रहे हैं।

फिलहाल, इस नए मामले में पुलिस विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।