March 3, 2026

CG Politics : ईडी कार्रवाई की अफवाहों पर अजय चंद्राकर का पलटवार, बोले – युद्ध आमने-सामने होता है, कमर के नीचे वार नहीं

रायपुर। ईडी की कार्रवाई को लेकर उड़ रही अफवाहों पर वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ तरह–तरह की बातें फैलाई जा रही हैं। विरोधियों पर निशाना साधते हुए चंद्राकर ने कहा कि वे राजनीति में हर तरह से लड़ने में सक्षम हैं, लेकिन पीठ पीछे या कमर के नीचे वार को युद्ध नहीं कहा जा सकता।

उन्होंने कहा, “युद्ध आमने-सामने होता है। देखते हैं कौन पहले गोली चलाता है।”


🎤 मीडिया से बातचीत में रखी बात

सोमवार को अजय चंद्राकर अपने निवास में मीडिया से रू-ब-रू हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर कहा कि नितिन नवीन की टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नितिन नवीन छत्तीसगढ़ के नेताओं की क्षमता को जानते हैं और आने वाले समय में प्रदेश को इसका फायदा मिलेगा।


📚 डीएड-बीएड प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया

डीएड-बीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर चंद्राकर ने कहा कि उन्हें पहली बार सुनने को मिल रहा है कि डीएड-बीएड वाले नौकरी के लिए आंदोलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार अपने नियमानुसार नियुक्तियां निकालती है, विज्ञापन जारी होता है और अभ्यर्थी आवेदन करते हैं।


🗣️ ‘जी राम जी’ पर कांग्रेस को दी बहस की चुनौती

‘जी राम जी’ को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को आखिर आपत्ति क्यों है, इस पर बिंदुवार बहस करे।

उन्होंने कहा,
“सरकार से नहीं कर सकते तो मुझसे बहस कर लें। कांग्रेस के फिजूल आरोपों का जवाब देना हमारी मजबूरी नहीं है। कोई कानून बनाया गया हो तो उसमें सुधार या बदलाव नहीं होगा क्या?”


📌 रोजगार गारंटी योजना का जिक्र

चंद्राकर ने कहा कि मनरेगा विधेयक में लिखा था कि राज्य अपने नाम जोड़ सकते हैं। तब उन्होंने छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना लिखा था, लेकिन कांग्रेस ने आपत्ति जताई और बाद में उसमें महात्मा गांधी जोड़ा गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के नाम से ही नफरत है।


👩‍⚖️ गुंजन सिंह पर पलटवार

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में खुद को जिंदा रखने के लिए ऐसे बयान दे रही है।

उन्होंने कहा,
“गुंजन सिंह बेमौसम बरसात की तरह आईं और कुछ भी बोलकर चली गईं। उन्हें बताना चाहिए कि निर्भया कांड में कितना फंड आया और उसका उपयोग कैसे हुआ।”


💰 बजट जनभावनाओं के अनुरूप होगा

छत्तीसगढ़ के आम बजट को लेकर चंद्राकर ने कहा कि बजट का आकार लगातार बढ़ रहा है और राज्य अब 2 लाख करोड़ रुपये की दिशा में बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बदल रहा है और विकास की राह पर है। पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते इतना जरूर कह सकते हैं कि बजट जनभावनाओं के अनुरूप होगा।