July 23, 2026

CG Politics: राहुल गांधी के प्रदर्शन पर सीएम साय का हमला, बोले- लोकतांत्रिक गरिमा के खिलाफ है यह कृत्य

रायपुर।

प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रदर्शन को लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत और निंदनीय बताया।

‘नेता प्रतिपक्ष से ऐसी उम्मीद नहीं’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

NEET मामले पर केंद्र सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर केंद्र सरकार पहले से ही गंभीर है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और प्रधानमंत्री स्वयं पेपर लीक को “पाप” बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

‘युवाओं की आड़ में अराजकता फैलाने की कोशिश’

सीएम साय ने कहा कि परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई और उसका परिणाम भी घोषित हो चुका है। इसके बावजूद कांग्रेस युवाओं के मुद्दे की आड़ लेकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन पर जताई आपत्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसे प्रतिबंधित क्षेत्र के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रकार की राजनीति को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।