रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर भाजपा नेता और मंत्री कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर तंज कस रहे हैं, वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी इसका जवाब देना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा का तंज
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह मुद्दा पिछले तीन वर्षों से चर्चा में है और अब लोगों के लिए “बोरिंग चैप्टर” बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की संस्कृति में गुटबाजी और आपसी मतभेद हमेशा से रहे हैं।
चरणदास महंत ने किया पलटवार
स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक चल रहा है और पार्टी सामूहिक नेतृत्व में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाते हैं और आगामी चुनाव भी सामूहिक नेतृत्व के आधार पर लड़े जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष बदलने की संभावना
महंत ने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, वहां संगठनात्मक बदलाव की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर चर्चा है, लेकिन राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद ही इस पर कोई फैसला हो सकता है।
खाद-बीज संकट पर सरकार को घेरा
कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन करते हुए महंत ने कहा कि खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में कामकाज प्रभावित है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर पड़ रही है, जिस पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
इंडिया गठबंधन की बैठक पर बोले महंत
दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) की बैठक का जिक्र करते हुए महंत ने कहा कि बैठक में महंगाई, डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही विपक्ष की आगे की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। उन्होंने देश में “अघोषित आपातकाल जैसे हालात” होने का आरोप भी लगाया।





