May 15, 2026

विदेशी फंडिंग और बीजेपी पर कांग्रेस का हमला, दीपक बैज बोले—डबल इंजन सरकार फेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में विदेशी फंडिंग को लेकर सियासत तेज हो गई है। ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2025 में जब केंद्र और राज्य दोनों जगह बीजेपी की सरकार है, तो विदेशी फंडिंग कैसे हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति कर जनता को गुमराह कर रही है।

बैज ने कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों से जांच कराने में कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।

बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ढाई साल में अपने वादे पूरे करने में असफल रही है और अब ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए जनता को फिर से गुमराह करने की तैयारी कर रही है।

विधानसभा के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर भी बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र पर होने वाला खर्च क्या बीजेपी वहन करेगी। महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, ऐसे में नए सत्र की जरूरत पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।

बैज ने सरकार पर युवाओं को रोजगार, सस्ती गैस और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन विषयों पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाना ज्यादा उचित होगा।