रायपुर।
छत्तीसगढ़ शासन के खनिज साधन विभाग ने खनिज निरीक्षक (वेतन मैट्रिक्स लेवल-7) पद पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। यह नियुक्ति Chhattisgarh Public Service Commission द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के परिणाम के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, पीएससी ने 32 पदों के लिए लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की थी। इसका परिणाम 15 अक्टूबर 2025 को घोषित किया गया था। परीक्षा की प्रवीण्य सूची के आधार पर 32 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में परिवीक्षा अवधि पर पदस्थ किया गया है। खनिज साधन विभाग के अनुसार, नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि खनिज निरीक्षक पद खनिज संसाधनों की निगरानी, अवैध खनन पर नियंत्रण और राजस्व संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।








