रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत की सीमाएं ही अब राजिम नगर पालिका की सीमाएं होंगी।
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि इस फैसले से राजिम के सुनियोजित और समग्र शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी। नगर पालिका बनने के बाद शहर को आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक वित्तीय और प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
बेहतर होंगी शहरी सुविधाएं
उन्होंने बताया कि नगर पालिका बनने से शहर में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से स्थानीय नागरिकों तक पहुंचाया जा सकेगा।
नगरवासियों में खुशी का माहौल
राज्य शासन के इस निर्णय के बाद राजिम में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और लंबे समय से लंबित शहरी विकास परियोजनाओं को भी तेजी से पूरा किया जा सकेगा।





