अंबिकापुर/गरियाबंद/तखतपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर कार और ट्रक की टक्कर में एक युवक की जान चली गई। वहीं गरियाबंद में आबकारी विभाग की सरकारी बोलेरो की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। तखतपुर में ईंटों से भरा ट्रैक्टर पलटने से एक युवक और बच्चा घायल हो गए।
हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, युवक की मौत
अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकला के पास देर रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में पैसेंजर सीट पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गरियाबंद में आबकारी विभाग की बोलेरो से टकराई बाइक
गरियाबंद जिले के नहरगांव के पास आबकारी विभाग की सरकारी बोलेरो और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रैक्टर चालक था। हादसे के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सरकारी वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
गड्ढे में फंसकर पलटा ट्रैक्टर, युवक और बच्चा घायल
तखतपुर के नया बस स्टैंड के पास ईंटों से लदा ट्रैक्टर सड़क के बड़े गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे के दौरान ईंटों के ढेर में एक 40 वर्षीय युवक और एक बच्चा दब गए।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने तत्काल राहत कार्य चलाकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
खराब सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और कई शिकायतों के बावजूद मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का भूमिपूजन हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।





