गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा नगर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिता और उनके 14 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ओवरटेक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, कुड़कुई गांव निवासी तेरस भरिया (35) अपनी पत्नी और 14 वर्षीय पुत्र राजू भरिया के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक भारी वाहन आ रहा था। तभी कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने की कोशिश की और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तेरस भरिया और उनके पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सरस्वती शिशु मंदिर के पास ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया। इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।





