July 31, 2026

छत्तीसगढ़ में नहीं थम रहे सड़क हादसे: रायगढ़ और धमतरी में 2 की मौत, कोरबा में 2 घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को रायगढ़, धमतरी और कोरबा जिले में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रायगढ़ में ट्रेलर ने ग्रामीण को कुचला
रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में रायगढ़-रायपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक ग्रामीण को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

धमतरी में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
धमतरी जिले के श्यामतराई के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

कोरबा में बाइक सवार दो लोग गंभीर घायल
कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।