बलरामपुर/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बलरामपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पहला हादसा बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर से बनारस जा रही सब्जी लोड तेज रफ्तार पिकअप ने फूलीडूमर चौक के पास बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान तारकेश्वरपुर निवासी श्यामलाल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद पिकअप वाहन युवक को करीब 10 से 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
JCB से टकराई स्कूटी, पशु फार्म कर्मी की मौत
दूसरा हादसा गौरेला थाना क्षेत्र में हुआ, जहां स्कूटी सवार शासकीय पशु फार्म कर्मी की जेसीबी से टक्कर के बाद मौत हो गई।
मृतक की पहचान जय प्रकाश बंजारे के रूप में हुई है, जो गौरेला के पकरिया स्थित शासकीय पशु फार्म में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद वे स्कूटी से अपने घर बांधामुड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान बांधामुड़ा के पास उनकी स्कूटी सामने से आ रही जेसीबी से टकरा गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी और जेसीबी की टक्कर दिखाई दे रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस जेसीबी चालक और वाहन की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। दोनों हादसों के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है।





