September 4, 2026

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक: ऑनलाइन अटेंडेंस के बाद स्कूल से गायब रहने वाले शिक्षकों पर होगी कार्रवाई, 5 हजार शिक्षकों की भर्ती जल्द

रायपुर। राजधानी के दीनदयाल ऑडिटोरियम में मंगलवार को स्कूल शिक्षा विभाग की एक दिवसीय राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की। इसमें प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), विभागीय अधिकारी और सचिव शामिल हुए। मंत्री ने अधिकारियों को स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षणिक व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

सरकारी स्कूलों में बढ़ी विद्यार्थियों की संख्या

बैठक के बाद मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। यह अभिभावकों के सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार करना है।

ऑनलाइन अटेंडेंस के नाम पर लापरवाही नहीं चलेगी

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने के लिए स्कूल न आएं, बल्कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाएं। स्कूल पहुंचने के बाद शिक्षण कार्य नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पढ़ाई हो रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए अब हर महीने रायपुर में बैठक आयोजित करने की बात भी कही गई है।

छात्राओं के लिए कराते प्रशिक्षण होगा अनिवार्य

मंत्री ने बताया कि छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए स्कूलों में कराते प्रशिक्षण अनिवार्य किया जाएगा। इसके लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा एनएसएस की गतिविधियों में मार्च पास्ट सहित अन्य कार्यक्रमों को व्यवस्थित करने की तैयारी है।

8 हजार से अधिक शौचालयों का होगा निर्माण

स्कूलों में छात्राओं की सुविधाओं को लेकर मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 8 हजार से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए भी शासन की ओर से फंड जारी किया जाएगा।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बेहद खराब स्थिति वाले स्कूल भवनों के नए निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाए और जारी सरकारी फंड का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

5 हजार नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी

स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 हजार नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। नए शिक्षकों की नियुक्ति से स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

स्मार्ट क्लास से शिक्षक की गैरमौजूदगी में भी पढ़ाई

स्कूलों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों को महीने की शुरुआत में पाठ्यक्रम से संबंधित डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्मार्ट क्लास और शैक्षणिक चैनलों के माध्यम से पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि शिक्षक की अनुपस्थिति में भी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

स्कूलों में अनावश्यक यूट्यूबरों के प्रवेश पर रोक

मंत्री ने अधिकारियों को स्कूलों में अनावश्यक रूप से यूट्यूबरों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों को नियमों के अनुसार ही स्कूल परिसर में प्रवेश दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

TET को लेकर भी मंत्री ने दिया जवाब

शिक्षक संघ की पांच सूत्रीय मांगों और TET को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि यदि मध्य प्रदेश में संबंधित विभाग इस व्यवस्था को लागू करता है, तो छत्तीसगढ़ में भी उसके अनुसार इसे लागू करने पर विचार किया जाएगा।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षा विभाग का मुख्य फोकस बच्चों की पढ़ाई, स्कूलों की व्यवस्था और शैक्षणिक गुणवत्ता पर होना चाहिए। समीक्षा व्यवस्था को जिला स्तर के साथ-साथ ब्लॉक और संकुल स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।