May 18, 2026

रायपुर में 25 मार्च से नेशनल ट्राइबल गेम्स का आगाज

राजधानी रायपुर में 25 मार्च से नेशनल ट्राइबल गेम्स का भव्य आगाज होने जा रहा है। यह खेल आयोजन दस दिनों तक चलेगा, जिसमें देशभर के जनजातीय खिलाड़ियों की प्रतिभा देखने को मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी शामिल होंगे। इस आयोजन में 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 3000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि रायपुर में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं जगदलपुर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर में कुश्ती मुकाबले होंगे।

इस आयोजन में पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा देते हुए कबड्डी और मलखंब को डेमो गेम्स के रूप में शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ से कुल 164 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 86 पुरुष और 78 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

खिलाड़ियों का आगमन लगातार जारी है और अब तक 500 से अधिक खिलाड़ी पहुंच चुके हैं। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।