March 3, 2026

छत्तीसगढ़ सरकार ने फिल्म ‘शतक : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष’ को टैक्स-फ्री किया

रायपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरक गाथा जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा की भावना से प्रेरित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने फिल्म ‘शतक : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष’ को टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया है। इस आदेश को वाणिज्य कर विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने जारी किया है। यह सुविधा 28 फरवरी 2026 से आगामी छह माह तक प्रभावी रहेगी।

आदेश के अनुसार, फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को टिकट खरीदते समय एसजीएसटी की राशि के बराबर छूट दी जाएगी, जिससे टिकट सस्ता होगा। सभी सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स को टिकट से एसजीएसटी घटाकर ही बिक्री करनी होगी और सामान्य प्रवेश शुल्क में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की जा सकेगी।

सिनेमाघरों द्वारा पहले एसजीएसटी का भुगतान किया जाएगा और बाद में राज्य शासन द्वारा उस राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इसके क्रियान्वयन से जुड़े विस्तृत निर्देश राज्य कर आयुक्त द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाल ही में राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल में इस फिल्म का प्रदर्शन देखा। उन्होंने कहा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, जनसेवा और समर्पण का सजीव चित्रण है। उनका यह भी कहना था कि फिल्म के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा की भावना से प्रेरणा मिले।