छत्तीसगढ़ में बुधवार को राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की 53वीं कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। वहीं कांग्रेस राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशभर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन करेगी। दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। इसके अलावा रायपुर रेल मंडल में कई यात्री ट्रेनें रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
साय कैबिनेट की 53वीं बैठक आज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की 53वीं कैबिनेट बैठक बुधवार सुबह 11:30 बजे महानदी भवन मंत्रालय में होगी। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाने की संभावना है। सरकार की विकास योजनाओं, प्रशासनिक फैसलों और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है।
प्रदेशभर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को सभी जिला मुख्यालयों में विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। यह आंदोलन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध और छात्र समुदाय के समर्थन में किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रम सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा में संगठनात्मक बैठकों का दौर
भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश बुधवार को प्रदेश महामंत्रियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। सुबह प्रदेश महामंत्रियों और दोपहर में प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक प्रस्तावित है। बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन होने की संभावना है।
रायपुर रेल मंडल में कई ट्रेनें रहेंगी रद्द
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में भाटापारा-हथबंध स्टेशन के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग कार्य के चलते बुधवार को कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
आज रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
- 68728 रायपुर–बिलासपुर मेमू पैसेंजर
- 68734 बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
- 68733 गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू पैसेंजर
- 68719 बिलासपुर–रायपुर मेमू पैसेंजर
- 58203 कोरबा–रायपुर पैसेंजर
- 58204 रायपुर–कोरबा पैसेंजर
- 68746 रायपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर
इन ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित
- 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर से संचालित होगी। गोंदिया से बिलासपुर के बीच सेवा रद्द रहेगी।
- 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर तक ही चलेगी। बिलासपुर से गोंदिया के बीच सेवा रद्द रहेगी।
प्रदेश में आज राजनीतिक गतिविधियों के साथ प्रशासनिक फैसलों और रेलवे संचालन पर भी सभी की नजर रहेगी। कैबिनेट बैठक के निर्णय, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और भाजपा की संगठनात्मक बैठकों के राजनीतिक मायने अहम माने जा रहे हैं।





