रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का दिन काफी अहम रहने वाला है। एक ओर कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में शुरू हो रहा है, वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भी किसानों के खातों में जारी की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे।
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे जैविक खेती कार्यशाला, जनकल्याणकारी शिविर, भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा निर्माणाधीन अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
इधर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज किसानों के खातों में 23वीं किस्त की राशि जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से दोपहर 3:45 बजे डीबीटी के माध्यम से देशभर के पात्र किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित करेंगे।
इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 23 जून को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मानसून की स्थिति, खरीफ फसलों की बुआई, खाद-बीज की उपलब्धता, विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तैयारियों और नई स्थानांतरण नीति समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके साथ ही जुलाई के पहले सप्ताह में नवा रायपुर स्थित आईआईएम में ‘चिंतन शिविर 3.0’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री हिस्सा लेंगे, जहां शासन, प्रशासन, तकनीक और जनसेवा से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।





