रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से अंबिकापुर के लखनपुर में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने डिजिटल क्रिएटर्स से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से प्रदेश के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और लोक संस्कृति को रचनात्मक ढंग से सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म समाज, संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान दिलाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रकृति, इतिहास, पुरातत्व, वन्यजीव, धार्मिक आस्था और जनजातीय जीवन का अद्भुत संगम है, जिसे वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
पर्यटन स्थलों को आकर्षक ढंग से करें प्रस्तुत
उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स से चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर, चंद्रखुरी और दंतेवाड़ा सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प, लोक कला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
रामगढ़ महोत्सव के प्रचार का किया आह्वान
पर्यटन मंत्री ने 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से महोत्सव के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को देशभर के लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और संस्कृति प्रेमी इस आयोजन से जुड़ सकें।
स्वच्छ पर्यटन पर दिया जोर
राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता सफल पर्यटन की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स से अपने सोशल मीडिया मंचों के जरिए स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए, तो छत्तीसगढ़ देश के सबसे आकर्षक पर्यटन राज्यों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
पर्यटन विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, सांस्कृतिक आयोजनों के संरक्षण और जनजातीय संस्कृति के संवर्धन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य आधुनिक सुविधाओं और प्रभावी डिजिटल प्रचार के माध्यम से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के अधिकारियों, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स और डिजिटल क्रिएटर्स ने भी जिम्मेदार पर्यटन, स्वच्छता और आगामी रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।





