May 17, 2026

UPSC Result 2025 : छत्तीसगढ़ के चार युवाओं ने किया कमाल, रायपुर के रौनक-संजय समेत दर्शना और डायमंड का चयन

रायपुर। UPSC 2025 परीक्षा का परिणाम आज घोषित हुआ। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में छत्तीसगढ़ के चार अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। चयनित अभ्यर्थियों में रायपुर के रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की दर्शना सिंह और धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव शामिल हैं।

रायपुर के रौनक और संजय को कलेक्टर ने दी बधाई

रायपुर के मोवा निवासी रौनक अग्रवाल को 772वां रैंक मिला है। रौनक मूलतः रायगढ़ के रहने वाले हैं और रायपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वहीं संजय डहरिया ने 946वां रैंक हासिल किया है। खास बात यह है कि यूपीएससी इंटरव्यू से पहले दोनों अभ्यर्थी जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मॉक इंटरव्यू में शामिल हुए थे।

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्वयं उनका मॉक इंटरव्यू लिया था और इंटरव्यू को लेकर जरूरी टिप्स दिए थे। परिणाम घोषित होने के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह दोनों के घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी।

धैर्य रखो तो जीवन में सब हासिल होता है : डायमंड

धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने UPSC परीक्षा में 623वां रैंक हासिल किया है। डायमंड सिंह ध्रुव छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में डीएसपी के पद पर चयनित हो चुके हैं।

पुलिस सेवा जॉइन करने के बाद भी वे यूपीएससी की तैयारी करते रहे। दोस्तों से बधाई मिलने पर उन्हें अपने चयन की जानकारी मिली। डायमंड सिंह ध्रुव स्वर्गीय बलराम सिंह सूर्यवंशी और शिक्षिका अंबिका सूर्यवंशी के बेटे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में धैर्य और निरंतर मेहनत बनाए रखी जाए तो सफलता जरूर मिलती है।

जेएनयू से की पढ़ाई

डायमंड सिंह बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा शिशु मंदिर मगरलोड से पूरी की और हाई स्कूल की पढ़ाई रायपुर के रेडियंट पब्लिक स्कूल माना से की। मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने पहली ही कोशिश में CGPSC परीक्षा में 13वीं रैंक हासिल कर डीएसपी पद पाया। इसके साथ ही वे पिछले ढाई वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने दिल्ली स्थित जेएनयू से पढ़ाई की है और बिना किसी कोचिंग संस्थान के तैयारी जारी रखी।

भाजपा पार्षद की बेटी है दर्शना सिंह

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह ने UPSC परीक्षा में 283वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित होकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

दर्शना सिंह के पिता अरुण सिंह किसान और राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं। दर्शना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही पूरी की। 12वीं के बाद उन्होंने जेईई परीक्षा पास कर आईआईटी कानपुर में प्रवेश लिया और वहां से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।

पांचवीं कक्षा से था अफसर बनने का सपना

दर्शना सिंह ने बताया कि जब वे पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं तभी उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना देखा था। बीटेक के बाद वे यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली चली गईं और एक साल तक कोचिंग ली। बाद में उन्होंने अपने नोट्स को दोहराते हुए तैयारी जारी रखी।

मुख्य परीक्षा में उन्होंने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना। दर्शना के अनुसार वैकल्पिक विषय वही चुनना चाहिए जिसमें आपकी रुचि हो और जिसे आप लंबे समय तक बिना थके पढ़ सकें।