July 23, 2026

बारिश में खुले गड्ढों से बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार सख्त, सभी नगरीय निकायों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश के दौरान खुले गड्ढों और नालियों में गिरने से बच्चों की मौत की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास ने सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने नगरीय क्षेत्रों में खुले गड्ढों, निर्माणाधीन स्थलों और असुरक्षित नालियों को चिन्हित कर उन्हें भरने या सुरक्षा घेरा लगाने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने यह कदम छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशों के बाद उठाया है। आयोग ने अपने पत्र में कहा है कि कॉलोनियों में निर्माणाधीन गड्ढों, सड़कों के खुले गड्ढों और बारिश में ढकी नालियों में गिरने से बच्चों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं, जो अत्यंत गंभीर और दुखद हैं।

नगरीय निकायों को दिए गए प्रमुख निर्देश

नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी निकायों को तत्काल सर्वे अभियान चलाकर खुले गड्ढों, नालियों और निर्माणाधीन स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे स्थानों को या तो तत्काल भरने या उनके चारों ओर बल्ली एवं अन्य सुरक्षा घेरा लगाने को कहा गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा सभी निर्माण एजेंसियों और आवासीय कॉलोनियों को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढों और नींव स्थलों के चारों ओर सुरक्षा बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से लगाई जाए।

संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे

विभाग ने निर्माण एजेंसियों को संवेदनशील निर्माण स्थलों पर चौकीदार या सुरक्षाकर्मी तैनात करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों को जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से रोका जा सके।

हर महीने भेजनी होगी रिपोर्ट

विभाग ने कहा है कि बारिश के दौरान छोटे और बड़े गड्ढों का अंतर समझ नहीं पाने के कारण बच्चों की जान को खतरा रहता है। इसे देखते हुए सभी नगरीय निकायों को आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए भविष्य के निर्माण कार्यों में भी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने होंगे। साथ ही हर माह कार्रवाई की पालन रिपोर्ट संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से संचालनालय को भेजना अनिवार्य होगा।