July 23, 2026

आज से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, 5 दिनों में पेश होंगे 8 विधेयक

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें सरकार आठ विधेयक पेश करेगी। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण से सम्मानित पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी।

प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन 2024-25 और अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 प्रस्तुत करेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (वीबी-जी राम) योजना से संबंधित दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी जीएसटी नेटवर्क (GSTN) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 प्रस्तुत करेंगे। साथ ही फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र के प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी सदन में रखा जाएगा।

सत्र के पहले दिन वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा संस्कृति मंत्री के समक्ष ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।