July 23, 2026

CG विधानसभा में राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर हंगामा, कार्यवाही कल तक स्थगित; CBI जांच की मांग

रायपुर।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में सोमवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा गरमा गया। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी हुई। भारी हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।

दरअसल, विपक्ष द्वारा राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर लाए गए स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य किए जाने के बाद कांग्रेस विधायकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी सदन का माहौल शांत नहीं हुआ और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस जारी रही।

हंगामे के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस विधायक “पॉकेट मारना बंद करो” के नारे लगाते रहे, जबकि सत्ता पक्ष के विधायक “पाप धोने अयोध्या जाओ” कहकर विपक्ष पर निशाना साधते रहे। लगातार बढ़ते शोर-शराबे को देखते हुए स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही अगले दिन तक स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मीडिया से चर्चा में कहा कि विधानसभा में जो हुआ, वह करोड़ों राम भक्तों के लिए “काला दिन” है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी पर चर्चा कराना चाहता था, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई।

डॉ. महंत ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए प्रदेश के लाखों लोगों ने श्रद्धा से चंदा दिया था। ऐसे में यदि चढ़ावे में अनियमितता या चोरी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस पूरे मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की।