September 4, 2026

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में आज भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में आज भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार मौसमी सिस्टम के अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके चलते छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 2 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। शहर के कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत कई जिले शामिल हैं।

मंगलवार को कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चांदो में 15 सेमी बारिश

प्रदेश में सबसे अधिक चांदो में 15 सेमी बारिश हुई। इसके बाद रामचंद्रपुर में 12 सेमी, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेमी, जबकि बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेमी, बलौदाबाजार, सोनाखान और जनकपुर-भरतपुर में 5-5 सेमी तथा दौरा कोचली, भाटापारा और भटगांव में 4-4 सेमी बारिश हुई। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।