रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। दिनभर तेज धूप के बाद शाम होते ही अचानक मौसम बदला और कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई।
बस्तर और बिलासपुर जिले में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई। आंधी के कारण बिलासपुर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं राजधानी रायपुर में भी बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
बस्तर जिले में जगदलपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही बस्तर के साथ बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई थी।
मौसम में बदलाव का असर सड़कों पर भी देखने को मिला। जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज हवाओं और बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।





