रायपुर, प्रतिनिधि।
छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में हाल के दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। इसके बाद तापमान स्थिर रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।
विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 27 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर धूप बनी रह सकती है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि 27 मार्च के बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन तापमान स्थिर रहने के साथ गर्मी का प्रभाव बना रहेगा।





