July 30, 2026

CG Weather Update: मानसून की दस्तक, आज बदलेगा मौसम का मिजाज; रायपुर-राजनांदगांव में 42°C के बीच बारिश और आंधी के आसार

रायपुर। गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। मानसून के लगातार आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और इसके अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ने की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर और राजनांदगांव में सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक तापमान में विशेष वृद्धि नहीं होगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के शेष क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज अंधड़ चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में फिलहाल मामूली उतार-चढ़ाव ही देखने को मिलेगा।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मानसून के प्रभाव के लिए लोगों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।