छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में हुई बारिश और बादलों की आवाजाही ने भीषण गर्मी और हीटवेव से कुछ राहत दी है। इन इलाकों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर अभी भी तेज बना हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी का प्रवाह जारी है, जिससे आने वाले दिनों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है। एक द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ तक सक्रिय है, वहीं पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में चक्रीय परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर भी वातावरण में देखा जा रहा है, जिसके चलते मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें सुकमा में सबसे अधिक 4 सेमी वर्षा हुई। इसके अलावा जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 3 सेमी, तोकापाल में 2 सेमी तथा कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा, अंबिकापुर और सरगुजा में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं (30–40 किमी प्रति घंटे) के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





