रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि शहर में घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का असर अधिक देखने को मिलेगा।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
रायपुर और आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह से बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
कुछ दिनों तक हल्की रहेगी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। भारी बारिश का दायरा केवल एक-दो स्थानों तक सीमित रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए सिस्टम के सक्रिय होने पर प्रदेश में फिर अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रतापपुर में 11 सेमी, लवन और बलौदाबाजार में 7-7 सेमी, मनोरा में 6 सेमी, जबकि दर्गी, ओडगी, पलारी और माना में 5 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।





