रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दिनों सामान्य से नीचे पहुंचे तापमान के फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में उमस भरी गर्मी का असर बढ़ सकता है। हालांकि दोपहर बाद राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
सोमवार को रायपुर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को गर्मी और तेज धूप से राहत मिली थी। लेकिन मंगलवार को तापमान फिर बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर महसूस किया गया।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से तमिलनाडु और मध्य पाकिस्तान से तटीय पश्चिम बंगाल तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक और तेज अंधड़ की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका है। अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी या उतार-चढ़ाव हो सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में हल्की बारिश और अंधड़ के आसार हैं। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





