July 23, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर जारी, कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट, अगले 5 दिन भारी बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश की नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है, लेकिन जलभराव और यातायात प्रभावित होने से परेशानी भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय बने रहने और कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस दौरान प्रदेश में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बांधों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में दिनभर आसमान बादलों से घिरा रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

रायगढ़ और पेंड्रा में सबसे ज्यादा बारिश

मंगलवार को हुई बारिश में रायगढ़ जिले में सबसे अधिक 13 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर बारिश हुई। पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर, बरपाली में 9 सेंटीमीटर तथा सारंगढ़, रामचंद्रपुर, मालखरौदा, कुटरू, अकलतरा, बम्हनीडीह, धाभरा, बलौदा और दौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों और विकासखंडों में 3 से 6 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

इन मौसम प्रणालियों से बढ़ी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, रोहतक, हमीरपुर, सीधी, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर दो अलग-अलग ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व अरब सागर तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेशभर में व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून के और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।