September 4, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर तेज हुआ मानसून, अगले 5 दिन भारी बारिश के आसार, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के लगभग सभी इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में रविवार को हुई तेज बारिश ने लोगों को जमकर भिगोया। सोमवार सुबह से भी शहर में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रायपुर में बादल, बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में 31 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर के कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले 5 दिनों तक बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य बनी हुई है और सामान्य से केवल 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को लेकर कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले शामिल हैं।

इन जिलों में यलो अलर्ट

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बलरामपुर-रामानुजगंज में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान रघुनाथनगर और रामानुजगंज में सर्वाधिक 12-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राजपुर में 10 सेमी, कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी तथा जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी बारिश हुई।

बलरामपुर में 6 सेमी, जबकि कर्तला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली और अन्य क्षेत्रों में करीब 4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है