September 4, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बड़े बचेली में 17 सेमी बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में मानसूनी गतिविधियां तेज हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम अगले 24 घंटे तक सक्रिय रह सकता है। मंगलवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। सरगुजा संभाग को छोड़कर सभी संभागों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य रही है। सामान्य की तुलना में वर्षा में करीब 2 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।

एक्टिव सिस्टम के आगे बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि 25 अगस्त को झारखंड और उसके आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी उसी इलाके में बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।

इसके अगले 24 घंटे के दौरान लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 26 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग ने एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटे में जमकर बरसे बादल, बड़े बचेली में 17 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं ओडगी में 12 सेमी, राजिम में 11 सेमी और कुटरू, गोबरा नवापारा व मस्तूरी में 10-10 सेमी बारिश दर्ज हुई।

इसके अलावा गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेमी बारिश हुई। बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

भैसमा, करतला, उसूर, माना-रायपुर एपी, भैरमगढ़, बोदरी, कुरूद और महासमुंद में 7-7 सेमी बारिश हुई। तमनार, रायपुर शहर, आरंग, लैलूंगा, छिंदगढ़, बलौदा बाजार, लाभांडी, बलौदा, खरोरा और सुकमा में 6-6 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

दुर्ग रहा सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा

बीते 24 घंटे के दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ समय तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।